CAF जवान की गोली मारकर हत्या, बटालियन कैंप में साथी ने सोते समय किया फायर

खैरागढ़, 22 दिसंबर 2025। खैरागढ़ जिले में छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक CAF जवान ने अपने ही साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, यह घटना गातापार थाना क्षेत्र के अंतर्गत घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन कैंप की है। मृतक जवान सोनवीर जाट, मूलतः उत्तरप्रदेश का निवासी था। रविवार रात भोजन के बाद सभी जवान कैंप में सो रहे थे, तभी देर रात आरोपी जवान अरविंद गौतम ने अपनी सर्विस राइफल से सोनवीर जाट पर फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि गोली सो रहे जवान के हाथ को चीरते हुए गाल में जा फंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही कैंप में अफरा-तफरी मच गई और अन्य जवान मौके पर पहुंचे। घायल जवान को तत्काल जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में घटना की वजह दोनों जवानों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी जवान के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही CAF के वरिष्ठ अधिकारी भी मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
घटना के बाद कैंप और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *