झरिया महार/महरा समाज का वार्षिक अधिवेशन व परिचय सम्मेलन सम्पन्न, नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन

रानीतराई। रानीतराई परिक्षेत्र अंतर्गत मेश्राम कृषिफार्म औसर में छत्तीसगढ़ झरिया महार/महरा समाज का वार्षिक अधिवेशन एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन सामाजिक एकता और सद्भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन की मजबूती और भावी दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवेशन में बच्चों के लिए ड्राइंग व पेंटिंग प्रतियोगिता सहित अनेक प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पुरस्कार अर्जित किए। श्रीदेव जी युवामंच द्वारा वार्षिक कैलेंडर के द्वितीय संस्करण का विमोचन किया गया, वहीं डॉ. नेहरू दूत कामड़ी द्वारा लिखित पुस्तक का भी विमोचन अतिथियों के करकमलों से सम्पन्न हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समां बांधा। इसके साथ ही 10वीं एवं 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए सोशल मीडिया के स्वतंत्र पत्रकार ओमप्रकाश अवसर एवं छत्तीसगढ़ी भाषा-साहित्य की कवयित्री सुमित्रा कामड़िया ‘शिशिर’ को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में विजयी सभी जनप्रतिनिधियों का भी सम्मान किया गया।

अधिवेशन के दौरान सामाजिक आम चुनाव संपन्न हुए, जिसमें नई प्रांतीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। अशोक मेश्राम को प्रांताध्यक्ष, मेलाराम तुर्याकर उपाध्यक्ष, जगमोहन नागवंशी सचिव, गिरधर मेश्राम कोषाध्यक्ष, रमेश सोनवानी महामंत्री, मंजुलता अंगारे महिला संगठन अध्यक्ष, दीप्ति मेश्राम उपाध्यक्ष एवं पूर्णिमा कामड़िया सदस्य चुनी गईं। निर्वाचन पर समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर प्रांताध्यक्ष अशोक मेश्राम ने समाजजनों को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक एकता को मजबूत करने, कुरीतियों के उन्मूलन और नई सकारात्मक परम्पराओं को आत्मसात करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व प्रांताध्यक्ष खिलावन चोपड़िया, चंद्रभान मेश्राम, गजेंद्र सारधे, रेवाराम रायपुरिया, केशव राम पटेल, गौकरण पटेल, हरिकिशन पावरिया, सोमेश मेश्राम, प्रकाश नाग, हितेश, संध्या सोनवानी, शशिकिरण कामड़े, सर्व महार समाज के प्रांताध्यक्ष एस. आर. शैलेन्द्र, हेमंत यारदा, एम. आर. सोरदे सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेंद्र गंगवीर एवं पवन कुमार कामड़े ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *