पाटन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर क्षेत्र में विविध आयोजन निरंतर किए जा रहे हैं। विजय दशमी से प्रारंभ हुए इन आयोजनों के अंतर्गत मंडलवार स्वयंसेवकों द्वारा शस्त्र पूजा, विजय उत्सव एवं पथ संचलन संपन्न किए गए। वर्तमान में गृह संपर्क अभियान के माध्यम से प्रत्येक परिवार को संघ के प्रारंभ से लेकर वर्तमान तक की यात्रा एवं कार्यों की जानकारी दी जा रही है, साथ ही “पांच परिवर्तन” के माध्यम से राष्ट्र के प्रति नागरिक कर्तव्यों के लिए जागरूक किया जा रहा है। मां भारती की सेवा, राष्ट्र प्रेम की भावना और हिंदू समाज में एकता व समानता के उद्देश्य से इसी क्रम में औंधी मंडल अंतर्गत ग्राम घुघुवा(क) में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक श्री प्रणव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में मुख्य वक्ता सुनील पटेल, कथावाचक पंडित मुकेश तिवारी, संजय शर्मा एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता रूपनारायण सिन्हा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ योग आयोग – मंत्री दर्जा प्राप्त) ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता की पूजा, वंदना एवं आरती से किया गया। इस अवसर पर हिंदू एकता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद तथा “पांच परिवर्तन” विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। सम्मेलन में देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं नारधी ग्राम के शिवनाथ अखाड़ा के विशेष प्रदर्शन ने सभी उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सम्मेलन के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। ग्राम घुघुवा में प्रथम बार आशीर्वाद ब्लड बैंक के तत्वाधान में आयोजित इस रक्तदान शिविर में ग्रामीण युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले समस्त ग्रामवासियों, समाज प्रमुखों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आयोजकों द्वारा हृदय से आभार व्यक्त किया गया।