पाटन। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा में एनएसएस इकाई के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिष्ठाता डॉ. अजय वर्मा के मार्गदर्शन में महाविद्यालय परिसर में आम, नींबू एवं कटहल जैसे फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पर्यावरण सरंक्षण को लेकर जागरूकता फैलाते हुए डॉ. वर्मा ने कहा, “जलवायु परिवर्तन के चलते तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। इसे संतुलित करने हेतु हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे। एक व्यक्ति, एक पेड़ अपनी माँ के नाम से अवश्य लगाए—यही हमारी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने का मार्ग है। उन्होंने आगे कहा कि जनसंख्या वृद्धि के अनुपात में वृक्षों की कटाई हो रही है जिससे प्रकृति असंतुलन की ओर बढ़ रही है। ऐसे में वृक्षारोपण ही एक मात्र उपाय है जो वायुमंडलीय प्रदूषण को रोक सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सी.आर. नेताम, एनएसएस प्रभारी डॉ. मोहनिशा सिंह, डॉ. नीतू स्वर्णकार, डॉ. अंजली वर्मा, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. रेवेन्द्र साहू, डॉ. किरण कुमार नागराज, डॉ. आशीष तिवारी, डॉ. तृप्ति ठाकुर, डॉ. विनीता झोड़ापे, डॉ. मैरी सुचिता खलखो और डॉ. पुनम कुमारी सहित संस्था के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।