पतोरा पंचायत में 6.50 लाख की ‘गायब’ एफडी का मामला गरमाया, पूर्व सरपंच और सचिव की भूमिका पर उठे सवाल,जनपद सदस्य ने जांच की उठाई मांग

पाटन। जनपद पंचायत पाटन के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पतोरा में 6.50 लाख रुपये की कथित फिक्स डिपॉजिट (एफडी) को लेकर बड़ा वित्तीय विवाद सामने आया है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और जनपद सदस्य चंद्रिका चित्रसेन कलिहारी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, पंचायत चुनाव 2025 के बाद जब वर्तमान सरपंच भुनेश्वर साहू ने पदभार संभाला, तब उन्हें तत्कालीन सचिव महेंद्र साहू और पूर्व सरपंच अंजिता गोपेश साहू द्वारा पंचायत के बैंक खातों के साथ 6.50 लाख रुपये की एफडी होने की जानकारी दी गई थी।

हालांकि, इस एफडी से संबंधित कोई खाता क्रमांक या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे संदेह गहराता गया।
मामले की सच्चाई जानने के लिए सूचना के अधिकार (RTI) के तहत जानकारी मांगी गई। प्राप्त जानकारी में खुलासा हुआ कि ग्राम पंचायत पतोरा के नाम से किसी भी बैंक में ऐसी कोई एफडी दर्ज ही नहीं है। इससे पूरे मामले में गंभीर वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। जनपद सदस्य ने अपने आवेदन में पंचायत के सभी वित्तीय अभिलेखों और बैंक खातों की गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही तत्कालीन सचिव और पूर्व सरपंच की भूमिका की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग भी की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है, तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि पंचायत निधि का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *