CG: 3841 गैस सिलेंडर जब्त, 97 FIR दर्ज—मुख्यमंत्री साय के सख्त निर्देश, कालाबाजारियों पर कड़ी कार्रवाई,कंट्रोल रूम नंबर जारी

रायपुर, 28 मार्च 2026। पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां 1800-233-3663 नंबर पर कॉल कर शिकायत या जानकारी दी जा सकती है।

बैठक में मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के साथ ही आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेशभर में 335 स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें कालाबाजारी की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन जमाखोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए 3841 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पेट्रोल-डीजल की अवैध बिक्री पर रोक लगाने और केवल अधिकृत संस्थानों को ही कंटेनर में ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पतालों, छात्रावासों, रेलवे और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस आपूर्ति निर्बाध रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी विशेष निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया और मीडिया में फैल रही भ्रामक खबरों पर नजर रखें और समय पर सही जानकारी जनता तक पहुंचाएं, जिससे किसी प्रकार की घबराहट की स्थिति उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *