CG हाईकोर्ट का बड़ा घटनाक्रम, क्या पाटन चुनाव का परिणाम कानूनी चुनौती से बदलेगा? विजय बघेल से भूपेश के वकीलों की दूसरी बार तीखी जिरह,23 नवंबर को फिर खुलेगा कानूनी मोर्चा

दुर्ग/बिलासपुर। पाटन विधानसभा चुनाव को लेकर सांसद विजय बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच चल रही कानूनी लड़ाई एक बार फिर चर्चा में है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनाव याचिका की सुनवाई के दौरान सांसद विजय बघेल की दूसरी बार गवाही हुई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बघेल की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ताओं ने उनसे शेष प्रति-परीक्षण (क्रॉस-एग्जामिनेशन) किया। हालांकि, जिरह पूरी नहीं हो सकी। अब मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को निर्धारित की गई है।

इस हाईप्रोफाइल चुनाव याचिका में दुर्ग सांसद विजय बघेल याचिकाकर्ता हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रतिवादी क्रमांक-1 हैं। याचिका के जरिए पाटन विधानसभा से भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती दी गई है। 5 नवंबर को हुई पहली गवाही के बाद 17 नवंबर को दोबारा कोर्ट में सवाल-जवाब का दौर चला।

एफिडेविट के तथ्यों और उनके आधार पर केंद्रित रही जिरह

सुनवाई के दौरान भूपेश बघेल के अधिवक्ताओं ने विजय बघेल से चुनाव याचिका के साथ प्रस्तुत शपथ-पत्र (एफिडेविट) में दर्ज तथ्यों को लेकर सवाल किए। मुख्य रूप से यह जानने की कोशिश की गई कि याचिका में उल्लेखित तथ्यों की जानकारी उन्हें कहां से मिली, संबंधित तथ्यों का आधार क्या है और उनके समर्थन में कौन से दस्तावेज या साक्ष्य उपलब्ध हैं। विजय बघेल ने अधिवक्ताओं के सवालों का जवाब दिया। कोर्ट में उनका प्रति-परीक्षण आंशिक रूप से दर्ज किया गया है। शेष जिरह 23 नवंबर को जारी रहेगी।

दोनों पक्षों के अधिवक्ता रहे मौजूद

17 नवंबर की ऑर्डर शीट के अनुसार, सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता विजय बघेल स्वयं कोर्ट में उपस्थित थे। उनके गवाह सौरभ चौबे भी व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे। विजय बघेल की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता टीके झा, अमन ताम्रकार और रोहन कुंभारे ने पैरवी की। वहीं, प्रतिवादी क्रमांक-1 भूपेश बघेल की ओर से मयंक जैन, नवलेंदु कुमार, हर्षवर्धन परगनिहा, मनुभा शंकर और अभिषेक पांडेय उपस्थित रहे। प्रतिवादी क्रमांक-3 की ओर से अधिवक्ता वर्षा घोष ने पैरवी की।

23 नवंबर पर टिकी निगाहें, आगे बढ़ेगी गवाही की प्रक्रिया

पाटन विधानसभा चुनाव से जुड़ी इस याचिका में अब तक कई कानूनी दलीलों और प्रक्रियात्मक आपत्तियों पर सुनवाई हो चुकी है। अब मामला साक्ष्य और गवाहों के परीक्षण के चरण में आगे बढ़ रहा है। 23 नवंबर को विजय बघेल का शेष प्रति-परीक्षण पूरा कराने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

इस मामले में हाईकोर्ट का अंतिम फैसला क्या होगा, यह आगे की सुनवाई और प्रस्तुत साक्ष्यों पर निर्भर करेगा। फिलहाल पाटन की राजनीति से जुड़े इस चर्चित चुनावी विवाद में अगली तारीख महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *