10वीं-12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से, अनुपस्थित रहने पर नहीं मिलेगा दूसरा मौका; स्कूलों पर लगेगा 1000 रुपए प्रतिदिन जुर्माना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत नियमित विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रोजेक्ट वर्क 1 से 20 जनवरी 2027 तक आयोजित किए जाएंगे। मंडल ने परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और प्राप्तांक अपलोड करने को लेकर स्कूलों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंडल ने स्पष्ट किया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा या प्रोजेक्ट वर्क के दिन अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर नहीं मिलेगा। ऐसे विद्यार्थियों को सीधे अनुपस्थित दर्ज किया जाएगा। इसके लिए विशेष अनुमति भी नहीं दी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी और स्कूल के प्राचार्य की होगी।

दो पालियों में होंगी प्रायोगिक परीक्षाएं

जारी निर्देश के अनुसार, प्रायोगिक परीक्षाएं प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। पहली पाली सुबह 8 से 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। स्कूलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर परीक्षाएं पूरी करानी होंगी। परीक्षा कार्यक्रम और विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर स्कूलों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

31 जनवरी तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे अंक

प्रायोगिक परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क पूरा होने के बाद स्कूलों को 31 जनवरी 2027 तक सभी विद्यार्थियों के प्राप्तांक मंडल के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। पोर्टल लॉक करने से पहले अंकों का दो से तीन बार मिलान करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही बाह्य परीक्षक के हस्ताक्षर भी लेने होंगे। मंडल ने स्पष्ट किया है कि एक बार पोर्टल लॉक होने के बाद प्राप्तांकों में संशोधन की अनुमति नहीं मिलेगी। निर्धारित समय के बाद पोर्टल दोबारा खुलवाने पर संबंधित स्कूल को 1000 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से विलंब शुल्क देना होगा। इसके लिए पोर्टल केवल दो दिनों के लिए खोला जाएगा। इस राशि की वसूली विद्यार्थियों से नहीं की जा सकेगी। परिणाम जारी होने के बाद भी अंकों में संशोधन नहीं होगा। किसी तरह की गलती पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य जिम्मेदार होंगे।

दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी सहायक की सुविधा

मंडल ने दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले विद्यार्थियों की मांग पर स्कूल स्तर पर लेखक, प्रवाचक अथवा प्रयोगशाला सहायक की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे प्रायोगिक परीक्षाओं में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शामिल हो सकें।

12वीं के पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा भी अनिवार्य

कक्षा 12वीं के पर्यावरण अध्ययन विषय की 50 अंकों की परीक्षा भी स्कूल स्तर पर आयोजित करना अनिवार्य होगा। इस परीक्षा के प्राप्तांक भी 31 जनवरी 2027 तक मंडल के पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। मंडल के इन निर्देशों का उद्देश्य बोर्ड परीक्षा से पहले प्रायोगिक मूल्यांकन की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *