पाटन । तहसील मानस संघ पाटन (जिला दुर्ग) के तत्वावधान में आगामी 22 नवंबर 2026, दिन रविवार को तहसील स्तरीय ‘शपथ ग्रहण समारोह एवं दीपोत्सव मानस समागम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम ग्राम जामगांव (एम) स्थित दौलत वाटिका रिसॉर्ट में संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट की प्राचार्य भारती दुबे करेंगी, जबकि विशेष अतिथि के रूप में दौलत वाटिका रिसॉर्ट के संचालक दौलत राम ठाकुर उपस्थित रहेंगे।
आयोजन के दौरान दीपोत्सव मानस समागम में पाटन ब्लॉक के मानस संघ के पदाधिकारी, सदस्यगण, मानस मंडलियां, मानस आयोजन समिति सहित अन्य मानस प्रेमी जुटेंगे, इस दौरान तहसील मानस संघ के सभी नए पदाधिकारियों एवं सभी छह मानस शक्ति केन्द्रो के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी होगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल होंगे। इस सत्र की अध्यक्षता जिला मानस संघ दुर्ग के अध्यक्ष करेंगे एवं विशेष अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत जामगांव (एम) की सरपंच तुलसी रोहित सिन्हा मौजूद रहेंगी।
समारोह के दौरान तहसील मानस संघ पाटन के नवनियुक्त अध्यक्ष टीकाराम साहू, सचिव मुरली वैष्णव, कोषाध्यक्ष कोमल साहू, उपाध्यक्ष कामता साहू सहित समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारियों और विभिन्न शक्ति केंद्रों के अध्यक्षों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही मानस समागम में ‘उपासना महिला मानस मंडली करेला’ और ‘मानस शक्ति केंद्र 5 बेल्हारी’ द्वारा संगीतमय मानस गान की प्रस्तुति भी दी जाएगी।