
रायपुर। राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पारिवारिक विवाद ने अचानक खूनी मोड़ ले लिया। मोवा इलाके में एक सनकी जीजा ने अपनी दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस खौफनाक वारदात में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक घटना पंडरी थाना क्षेत्र की है। आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और बीच-बचाव करने आई अपनी सालियों पर गोली चला दी।
गोली लगते ही दोनों युवतियां मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोवा स्थित दुर्गा मेडिकल के पास भी फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली गई है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में घटना की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।