
रायपुर | राजधानी रायपुर में सराफा कारोबारी के मैनेजर से करीब 1 करोड़ रुपए के जेवरात की सनसनीखेज लूट का मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने मैनेजर पर तलवार से हमला कर सोने-चांदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है। पीड़ित टीकाराम शर्मा, महावीर ज्वैलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम वह एक ब्रांच से जेवरात लेकर दूसरी ब्रांच जा रहे थे। इसी दौरान तिल्दाडीह मोड़ के पास आंधी-तूफान और बारिश के कारण उन्हें रुकना पड़ा।
बारिश थमने के बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, पहले से घात लगाए बाइक सवार 2-3 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल मैनेजर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है, क्योंकि बदमाशों को पीड़ित की गतिविधियों और रूट की पहले से जानकारी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।