CG ब्रेकिंग: सुकमा-बीजापुर मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, 14 नक्सली ढेर, कमांडर मंगडु के मारे जाने की आशंका

YC न्यूज़ डेस्क। बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीजापुर और सुकमा जिलों के सीमावर्ती इलाकों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने कुल 14 नक्सलियों को मार गिराया है। मारे गए सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, बीजापुर और सुकमा के दक्षिणी क्षेत्रों में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की विशेष टीमों को सर्च ऑपरेशन पर रवाना किया गया था। बीजापुर जिले में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से मुठभेड़ शुरू हुई, जबकि सुकमा जिले में सुबह 8 बजे से रुक-रुककर फायरिंग चलती रही। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से एके-47, इंसास, एसएलआर राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में बीजापुर जिले के 2 और सुकमा जिले के 12 नक्सली शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में कुख्यात नक्सली कमांडर मंगडु के भी मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमेटी का एसीएम हितेश भी शामिल बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में शामिल कुछ नक्सली अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव की हत्या की घटना में भी संलिप्त थे। पूरे अभियान की निगरानी सुकमा एसपी किरण चव्हाण द्वारा स्वयं की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। यह कार्रवाई बस्तर क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *