CG Crime: शराब पार्टी में विवाद के बाद दोस्त की हत्या, शव नाले में छिपाया; तीन आरोपी गिरफ्तार

CG Crime: शराब पार्टी में विवाद के बाद दोस्त की हत्या, शव नाले में छिपाया; तीन आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में सनसनीखेज वारदात, रॉड और सीमेंट के टुकड़े से किया हमला; करीब 300 मीटर दूर 12 फीट गहरे नाले में ठिकाने लगाया शव
रायपुर
, 10 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद तीन युवकों ने अपने ही दोस्त पवन टंडन पर रॉड और सीमेंट के टुकड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शव को करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट पाइप से बने नाले में लगभग 12 फीट अंदर छिपा दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप ने बताया कि पुलिस ने हत्या के आरोप में समीर खान, प्रकाश यादव और सूरज यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल रॉड, सीमेंट का टुकड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
शराब पीने के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, पवन टंडन और आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पवन पर रॉड और सीमेंट के टुकड़े से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर किए गए हमले में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को नाले में छिपाया
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घटनास्थल पर नहीं छोड़ा। पुलिस से बचने और वारदात छिपाने के इरादे से शव को करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट पाइप वाले नाले में लगभग 12 फीट अंदर छिपा दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में अहम जानकारी मिलने के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ ही हत्या में प्रयुक्त सामान भी जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस हत्या के पीछे हुए विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *