‘युवा मंच’ में सचिव संघ के जिलाध्यक्ष महेन्द्र साहू का सम्मान, पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान को मिली सराहना – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मानित

‘युवा मंच’ में सचिव संघ के जिलाध्यक्ष महेन्द्र साहू का सम्मान, पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान को मिली सराहना – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मानित

रायपुर, 9 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए पंचायत सचिव संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कुमार साहू को प्रतिष्ठित ‘युवा मंच सम्मान’ से सम्मानित किया गया।यह सम्मान ITV नेटवर्क/India News द्वारा रायपुर के होटल पिकाडिली में आयोजित ‘युवा मंच’ कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदान किया। उपमुख्यमंत्री शर्मा गृह, जेल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री भी हैं।

कार्यक्रम में महेन्द्र साहू के पंचायत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। बताया गया कि उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, सोलर योजना सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई है। विशेष रूप से दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड में सामाजिक कार्यकर्ता और पंचायत सचिव संघ के जिलाध्यक्ष के रूप में उन्होंने ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने में मदद मिली।
डिजिटल भुगतान और पारदर्शिता पर भी जोर

बताया गया कि महेन्द्र साहू ने पंचायतों में डिजिटल भुगतान, स्वच्छता अभियान, मनरेगा के पारदर्शी क्रियान्वयन तथा महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया है। पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और ग्रामीणों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उनके प्रयासों को सम्मान के प्रमुख आधारों में शामिल किया गया। सम्मान मिलने के बाद प्रदेशभर के पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक पदाधिकारियों ने महेन्द्र साहू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल महेन्द्र साहू का व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि गांवों में शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाले पूरे पंचायत संवर्ग के कार्य और योगदान का सम्मान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *