
संगठन-सरकार के कामकाज का होगा मूल्यांकन, सत्ता संरचना में बदलाव की चर्चाओं ने पकड़ा जोर
रायपुर। भाजपा शीर्ष नेतृत्व अगले महीने दिल्ली में पार्टी शासित राज्यों के संगठन और सरकार के कामकाज की बड़ी समीक्षा करने जा रहा है। इस समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार के कार्यों का भी विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक बैठक में केवल प्रशासनिक कामकाज ही नहीं, बल्कि मंत्रियों के प्रदर्शन, जनहित योजनाओं की प्रगति और संगठन-सरकार के बीच तालमेल जैसे अहम मुद्दों पर भी गहन चर्चा होगी।
बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व राज्यों में सरकार की कार्यशैली और जनता के बीच उसकी पकड़ का फीडबैक भी लेगा। हालांकि समीक्षा बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इधर, भाजपा के भीतर “दो डिप्टी सीएम” फॉर्मूले को लेकर भी नए सिरे से मंथन की चर्चा सामने आ रही है। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि पार्टी भविष्य में राज्यों में सत्ता संरचना को अधिक सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठा सकती है।
हाल ही में पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद किसी भी नेता को डिप्टी सीएम नहीं बनाए जाने को भी इस बदलाव की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के कुछ रणनीतिकारों का मानना है कि दो डिप्टी सीएम होने से सत्ता का प्रभाव और निर्णय क्षमता बंट जाती है, इसलिए अब “सिंगल पॉवर सेंटर” मॉडल पर फोकस किया जा सकता है। हालांकि भाजपा की ओर से इस विषय पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर गंभीर स्तर पर विचार-विमर्श होने की चर्चा राजनीतिक माहौल को गर्माए हुए है।
Sayji Sarkar me kasavat jaruri hey aanubhav kami hey sc Samaj ke Mantri ka Kam bahut jayada kharab hey