रायपुर। छत्तीसगढ़ में आबकारी विभाग के अंतर्गत आबकारी आरक्षक के 200 पदों पर भर्ती हेतु अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया गया है। यह भर्ती प्रक्रिया छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें 27 जुलाई 2025 को लिखित परीक्षा संपन्न हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिखित परीक्षा का परिणाम एवं अंतिम उत्तर पहले ही जारी कर दिए गए थे, जिसके आधार पर विभाग को मेरिट सूची उपलब्ध कराई गई। विज्ञापन के अनुसार वर्गवार एवं प्रवर्गवार रिक्तियों के लगभग तीन गुना अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड परीक्षण के लिए बुलाया गया था।
सत्यापन प्रक्रिया के दौरान अनुपस्थित रहने अथवा शारीरिक मापदंड में अपात्र पाए जाने के कारण कुल 128 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों में से मेरिट के आधार पर 200 पदों के विरुद्ध 200 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। इसके साथ ही 43 अभ्यर्थियों की अनुपूरक (प्रतीक्षा) सूची भी जारी की गई है।अधिकारियों ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी वहां जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इस भर्ती परिणाम के जारी होने से लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है।