रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक लू चलने और तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी की चेतावनी जारी की है। हालात ऐसे हैं कि सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है। दोपहर के समय बाजार और सड़कें लगभग सूनी नजर आ रही हैं। लोग सिर और चेहरा ढंककर बाहर निकलने को मजबूर हैं। गर्मी का असर रात में भी दिखाई दे रहा है, जहां उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों की नींद प्रभावित हो रही है।
भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी, चक्कर और कमजोरी की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्का भोजन करने और धूप से बचने की सलाह दी है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ORS एवं इलेक्ट्राल काउंटर शुरू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। मौसम विभाग ने खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। फिलहाल भीषण गर्मी से परेशान लोग अब मानसून और बारिश का इंतजार कर रहे हैं।