CG-दर्दनाक हादसा: सड़क पर गिरे पैसे उठाने रुका युवक, तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौत से पसरा मातम

CG-दर्दनाक हादसा: सड़क पर गिरे पैसे उठाने रुका युवक, तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौत से पसरा मातम

रायपुर, 21 मई 2026। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सड़क पर गिरे पैसे उठाने के लिए रुके एक युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक किसी जरूरी काम से जा रहा था। इसी दौरान उसके कुछ पैसे सड़क पर गिर गए। पैसे उठाने के लिए उसने अपनी गाड़ी एक्सप्रेस-वे किनारे रोकी और नीचे उतरकर सड़क पर बिखरे नोट समेटने लगा। तभी पीछे से तेज गति में आ रही कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी और घायल युवक को बचाने की कोशिश शुरू की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस सहायता वाहन करीब 18 मिनट बाद मौके पर पहुंचा, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल सका। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि देवेंद्र नगर एक्सप्रेस-वे की कई स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद पड़ी हैं। अंधेरे की वजह से सड़क पर खड़े व्यक्ति और रुके वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के वक्त एक्सप्रेस-वे के कई हिस्सों में पूरी तरह अंधेरा था। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हादसे के बाद कुछ समय तक एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात सामान्य कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *