CG NEET UG Counselling 2026: MBBS-BDS प्रथम चरण काउंसिलिंग शुरू, 9 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन; जानिए पूरा शेड्यूल

CG NEET UG Counselling 2026: MBBS-BDS प्रथम चरण काउंसिलिंग शुरू, 9 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन; जानिए पूरा शेड्यूल

UR/OBC के लिए ₹1000, SC/ST के लिए ₹500 आवेदन शुल्क; 16 अगस्त तक पंजीयन और 17 अगस्त तक च्वाइस फिलिंग का मौका

रायपुर, 8 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में NEET-UG 2026 के तहत शासकीय एवं निजी चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा महाविद्यालयों में एमबीबीएस और बीडीएस पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य भवन, नवा रायपुर द्वारा प्रथम चरण की काउंसिलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रथम चरण की काउंसिलिंग में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन, आवेदन और च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले प्रवेश नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी है।

9 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन

जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण की काउंसिलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन 9 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। अभ्यर्थी 16 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं कॉलेज एवं पाठ्यक्रम के लिए च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया 9 अगस्त को सुबह 11 बजे से शुरू होकर 17 अगस्त 2026 की रात 11:59 बजे तक चलेगी।

श्रेणीवार आवेदन शुल्क निर्धारित

ऑनलाइन आवेदन के लिए श्रेणी के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है। अनारक्षित (UR) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के अभ्यर्थियों को 1000 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं अप्रवासी भारतीय (NRI) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन शुल्क अप्रतिदेय (Non-Refundable) होगा। पंजीयन राशि/सुरक्षा निधि से संबंधित जानकारी विभागीय सूचना में दी गई तालिका के अनुसार देखी जा सकती है।

आवेदन से पहले नियम पढ़ना जरूरी

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने से पहले छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं भौतिक चिकित्सा (फिजियोथेरेपी) स्नातक प्रवेश नियम, 2025 का अध्ययन करने की सलाह दी है। विशेष रूप से आरक्षण, काउंसिलिंग प्रक्रिया और बॉण्ड से संबंधित प्रावधानों को समझने के बाद ही आवेदन करने कहा गया है।

महत्वपूर्ण तारीखें

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 9 अगस्त 2026, सुबह 11 बजे
  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 16 अगस्त 2026, रात 11:59 बजे
  • च्वाइस फिलिंग शुरू: 9 अगस्त 2026, सुबह 11 बजे
  • च्वाइस फिलिंग एवं लॉकिंग की अंतिम तिथि: 17 अगस्त 2026, रात 11:59 बजे

कहां मिलेगी पूरी जानकारी?

अभ्यर्थी काउंसिलिंग से संबंधित नियम, दिशा-निर्देश और विस्तृत जानकारी के लिए www.cgdme.in तथा cgdme.admissions.nic.in पर उपलब्ध जानकारी का अवलोकन कर सकते हैं। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखने और आवेदन एवं च्वाइस लॉक करने से पहले दर्ज की गई जानकारी को अच्छी तरह जांच लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *