CG News: तिरंगे से सजेगा छत्तीसगढ़, ‘वंदे मातरम्’ से गूंजेगा प्रदेश; 17 अगस्त तक देशभक्ति का महाअभियान

CG News: तिरंगे से सजेगा छत्तीसगढ़, ‘वंदे मातरम्’ से गूंजेगा प्रदेश; 17 अगस्त तक देशभक्ति का महाअभियान

9 से 17 अगस्त तक तिरंगा अभियान, 7 से 15 अगस्त तक सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन; तिरंगा यात्रा, रैली, मैराथन और देशभक्ति कॉन्सर्ट होंगे आयोजित
रायपुर, 8 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का पर्व देशभक्ति और जनभागीदारी के व्यापक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत 17 अगस्त तक विभिन्न राज्यस्तरीय एवं जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संस्कृति विभाग द्वारा केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 7 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में देशभक्ति से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के स्मरणोत्सव से भी जोड़ा गया है।
9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
प्रदेश के सभी जिलों में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। वहीं 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गतिविधियां आयोजित होंगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद प्रदेशभर में सामूहिक राष्ट्रगान और ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा और रैलियों से बनेगा देशभक्ति का माहौल
अभियान के दौरान जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक एवं कार रैलियां, मशाल रैलियां तथा तिरंगा मैराथन आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों के साथ स्व-सहायता समूहों, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड तथा आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
तिरंगे के साथ सेल्फी और देशभक्ति कॉन्सर्ट
नागरिक अपने घरों पर फहराए गए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से स्थानीय स्वदेशी उत्पादों और कारीगरों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर ऑडियो एवं वीडियो बूथ भी स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक स्वयं ‘वंदे मातरम्’ गाकर अपनी रिकॉर्डिंग कर सकेंगे और उसे अभियान से जोड़ सकेंगे।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारत विभाजन की त्रासदी और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करने के लिए विशेष प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही राज्य पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस पूरे अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *