CG POLITICS: सुशासन तिहार में फिर भड़के सांसद बृजमोहन… बोले- “जब हमें पता है अवैध शराब कहां बिक रही, तो पुलिस को क्यों नहीं?”

CG POLITICS: सुशासन तिहार में फिर भड़के सांसद बृजमोहन… बोले- “जब हमें पता है अवैध शराब कहां बिक रही, तो पुलिस को क्यों नहीं?”

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया, जब रायपुर सांसद Brijmohan Agrawal अवैध शराब के मुद्दे पर अधिकारियों पर जमकर बरस पड़े। अश्विनी नगर में आयोजित शिविर के दौरान सांसद ने मंच से ही पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि, “जब आम लोगों को मालूम है कि अवैध शराब कहां बिक रही है, तो क्या पुलिस वालों को नहीं मालूम होगा?”
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने राजधानी के कई इलाकों का नाम लेते हुए दावा किया कि वहां खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। उन्होंने भाठागांव, मठपुरैना, चंगोराभाठा, संतोषी नगर और टिकरापारा जैसे क्षेत्रों का जिक्र करते हुए अधिकारियों से पूछा कि आखिर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि चाहे कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि ऐसे लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए ताकि अवैध धंधे पर रोक लग सके।

सुशासन तिहार के मंच पर अफसरों की सार्वजनिक फटकार ने यह भी साफ कर दिया कि सरकार के भीतर सिस्टम की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बनी हुई है। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने सांसद का यह बयान अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। यह पहला मौका नहीं है जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल किसी सार्वजनिक मंच से अधिकारियों पर नाराज नजर आए हों। इससे पहले भी सुशासन तिहार के दौरान वे प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर अधिकारियों को खरी-खरी सुना चुके हैं। अब देखना होगा कि इस बार उनकी नाराजगी के बाद अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज होता है या मामला केवल बयानबाजी तक सीमित रह जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *