
गहरे अवदाब का असर, कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट;
रायपुर। उत्तर तटीय ओडिशा और पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) का असर अब छत्तीसगढ़ में भी तेज़ी से दिखाई देने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी से अति भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम केंद्र रायपुर के अनुसार गहरा अवदाब उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में इसके उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली सहित कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
बीते 24 घंटों के दौरान चांपा में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर, नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर तथा रायपुर शहर में लगभग 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के चलते कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। मौसम विभाग का कहना है कि इस सक्रिय मानसूनी सिस्टम से प्रदेश में अब तक बारिश की जो कमी दर्ज की गई थी, उसके काफी हद तक पूरा होने की संभावना है। रायपुर में बुधवार को दिनभर घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रशासन ने सभी जिला आपदा प्रबंधन दलों और नगर निगमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, नालों की सफाई और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।