
नक्सलवाद के खिलाफ जवानों के साहस और ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि को सराहा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि सुरक्षित, शांत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा और सुशासन के लिए समर्पित रहते हैं। ऐसे कर्मठ अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के शांति नगर स्थित एक निजी सभागार में आयोजित ‘जज़्बा पुलिस अवार्ड्स-2026’ समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पुलिस बल के मनोबल, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी अधिकार नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी जिस निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव की विशेष सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि 199 किलोग्राम भार उठाकर उन्होंने देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है तथा यह साबित किया है कि पुलिस बल के जवान सेवा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति तथा राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जवानों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर प्रदेश को भयमुक्त बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने अस्पतालों में घायल जवानों से मुलाकात के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उनके भीतर राष्ट्रसेवा का जज़्बा कम नहीं हुआ। स्वस्थ होकर फिर से मोर्चे पर लौटने की उनकी इच्छा ही छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सकारात्मक पत्रकारिता पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को समाज तक पहुंचाकर उनका मनोबल बढ़ाती है और युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती है।.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि मीडिया द्वारा पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान किया जाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता पुलिस बल के साहस, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। समारोह में सामुदायिक पुलिसिंग, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण, संवाद से समाधान, सोशल मीडिया जनजागरूकता, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, ई-मालखाना प्रबंधन, पिंक पेट्रोल यूनिट और अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार आर. कृष्णा दास, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अनेक अधिकारी, पुलिसकर्मी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।