
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने गृह (पुलिस) विभाग अंतर्गत सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 के संशोधित अंतिम मॉडल उत्तर जारी कर दिए हैं। आयोग ने यह मॉडल उत्तर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं, जहां अभ्यर्थी इन्हें देख सकते हैं।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस भर्ती परीक्षा के माध्यम से कुल 341 पदों पर नियुक्ति की जानी है। इसके लिए 12 जुलाई 2026 को राज्य के 33 जिलों में स्थित 183 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के प्रारंभिक मॉडल उत्तर 13 जुलाई को जारी किए गए थे, जिसके बाद अभ्यर्थियों से ऑनलाइन दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई थी। आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 निर्धारित थी।
सीजीपीएससी ने बताया कि निर्धारित समय सीमा में प्राप्त सभी आपत्तियों का विषय विशेषज्ञ समिति द्वारा गहन परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों की अनुशंसा और विस्तृत परीक्षण के आधार पर संशोधित अंतिम मॉडल उत्तर तैयार किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब इन्हीं अंतिम संशोधित मॉडल उत्तरों के आधार पर अभ्यर्थियों की ओएमआर उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।