हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हुआ कबीरधाम, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हजारों श्रद्धालुओं संग भोरमदेव पदयात्रा में शामिल

हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हुआ कबीरधाम, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हजारों श्रद्धालुओं संग भोरमदेव पदयात्रा में शामिल

18 किलोमीटर की पदयात्रा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, बूढ़ा महादेव और बाबा भोरमदेव में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना रायपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिले में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के बाबा भोरमदेव मंदिर के लिए आयोजित 18 किलोमीटर लंबी भोरमदेव पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा हजारों श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए। हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। पदयात्रा प्रारंभ होने से पहले उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद भगवा ध्वज हाथों में लिए श्रद्धालुओं के साथ उन्होंने कवर्धा से बाबा भोरमदेव मंदिर तक पदयात्रा का शुभारंभ किया।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि श्रावण मास का प्रथम सोमवार भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि बाबा भोरमदेव केवल एक प्राचीन मंदिर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का गौरव है। राज्य सरकार इस पवित्र धाम के संरक्षण, विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए पदयात्रा को सफल बनाने वाले जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

कवर्धा से भोरमदेव तक पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों और संस्थाओं ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा, तिलक और माल्यार्पण कर स्वागत किया। वन विभाग, इंजीनियर एसोसिएशन, जिला प्रेस क्लब, ट्रक मालिक संघ, प्राइवेट स्कूल संघ सहित अनेक संगठनों ने चाय, कॉफी, जूस, शरबत, नींबू पानी, खीर-पूड़ी और फल वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की।

भक्ति और उत्साह से सराबोर रही पदयात्रा

वर्ष 2008 से लगातार आयोजित हो रही भोरमदेव पदयात्रा में इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालु, कांवड़िये, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल-बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आकर्षण का केंद्र बनीं शिव परिवार की झांकियां

पदयात्रा के दौरान भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश, नंदी और शिव परिवार पर आधारित आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने यात्रा को और अधिक भव्य बना दिया।

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का दिया संदेश

समनापुर के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता स्टॉल का अवलोकन करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष बिसेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन और हजारों श्रद्धालु पदयात्रा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *