
बिलासपुर 28 मई 2026। छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत युवाओं को लगातार कानून और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर मजबूर कर रही है। बिलासपुर में एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां नेशनल हाईवे पर एक युवती ने पहले कार के सामने शैंपेन की बोतल के साथ रैंप वॉक किया और फिर चलती कार की सनरूफ पर बैठकर डांस करते हुए रील बनाई। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और वाहन जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे स्थित तुर्काडीह ओवरब्रिज के पास युवती ने सड़क के बीच कार रोककर वीडियो शूट कराया। वायरल वीडियो में युवती चलती कार की छत पर बैठकर स्टंटनुमा अंदाज में डांस करती नजर आ रही है। वहीं कार के सामने शैंपेन के साथ जश्न मनाने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है।
इस दौरान हाईवे पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, लेकिन वीडियो बनाने वालों ने न तो यातायात नियमों की परवाह की और न ही सड़क सुरक्षा की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस और कोनी थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। वाहन नंबर के आधार पर कार की पहचान कर उसे जब्त कर लिया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती के जन्मदिन के मौके पर यह वीडियो शूट किया गया था। एएसपी रामगोपाल करियारे ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि जिले में सड़क पर स्टंट, हुड़दंग और रीलबाजी के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर नियम तोड़ने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ युवा सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून व्यवस्था को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं। खास बात यह है कि एक दिन पहले ही बीएमडब्ल्यू कार पर डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी, लेकिन उसके अगले ही दिन सामने आई इस घटना ने सड़क सुरक्षा और युवाओं की मानसिकता पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब ऐसे मामलों में और सख्ती बरतने की तैयारी में है।