
जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम किकिरमेटा के ईदगाह में गुरुवार को ईद-उल-अज़हा का त्योहार हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह निर्धारित समय पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जामा मस्जिद एवं ईदगाह परिसर में एकत्र हुए। सफेद लिबास और सिर पर टोपी पहने लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर खुदा की बारगाह में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। मौके पर मस्जिद के इमाम साहब ने खुतबा पढ़ते हुए ईद-उल-अज़हा की अहमियत बताई और विशेष नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पेश इमाम साहब ने देश में शांति, एकता और आपसी सौहार्द बनाए रखने की दुआ की। वहीं मस्जिद कमेटी की ओर से आयोजन में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस मौके पर समाज प्रमुख सदर रफीक खान, हाजी गुलाम नबी खान, हाजी इब्राहिम खान, डॉ. रहीम खान, हबीब खान, इमाम खान, अब्दुल रज्जाक खान, शरीफ खान, कलीम खान, इस्लाम खान, जावेद खान, अतीक खान, याक़ूब खान, रसीद खान, करामत खान, ईदु खान सहित आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।