
परिवार नियोजन अनियमितता, पुरातात्विक धरोहर संरक्षण और जनहित याचिकाओं समेत कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गजेंद्र यादव सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे।
दिन की सबसे महत्वपूर्ण कार्यवाही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार के सहयोग और प्रयासों के लिए सदन में आभार प्रस्ताव पेश करेंगे। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। दूसरी ओर विपक्ष आज अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगा। अनुमति मिलने पर आगे की संसदीय प्रक्रिया तय होगी, जिससे सदन का राजनीतिक तापमान और बढ़ सकता है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से जुड़े दस्तावेज और शासकीय संकल्प सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम से जुड़े प्रस्ताव और विधायी कार्यों के पुनर्स्थापन संबंधी प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
ध्यानाकर्षण के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि वितरण में कथित अनियमितता और प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों एवं प्राचीन वस्तुओं के संरक्षण का मुद्दा भी सदन में गूंजेगा। इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न जनहित याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। ऐसे में विधानसभा के दूसरे दिन सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस और राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।