
जैविक खेती, संतुलित उर्वरक और नील हरित काई तकनीक पर किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
जामगांव आर । कृषि विभाग द्वारा संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार 7 मई 2026 को ग्राम भरर में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान रथ के गांव पहुंचने पर कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा जैविक खेती के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा के कृषि वैज्ञानिकों ने वर्तमान कृषि परिदृश्य में बेहतर उत्पादन और लागत कम करने के उपायों पर किसानों को मार्गदर्शन दिया। वैज्ञानिकों ने जैविक कल्चर के माध्यम से खाद तैयार करने की प्रक्रिया, नील हरित काई (BGA) के निर्माण तथा उसके जरिए यूरिया की पूर्ति करने संबंधी तकनीकों की जानकारी साझा की। किसानों को बताया गया कि प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग से खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में दुर्ग संभाग की संयुक्त संचालक कृषि गोपिका गबेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने किसानों के बीच लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से कल्चर उपयोग की विधि समझाई और वैज्ञानिक खेती अपनाने का आह्वान किया।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र पाहंदा से कृषि वैज्ञानिक ईश्वरी साहू एवं मनीष वर्मा, कृषि विभाग से कृषि विकास अधिकारी कुंती प्रसाद, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मनीष साहू, उत्तम ताम्रकार, प्रमेश कुमार और संजीव कुमार साहू उपस्थित रहे। वहीं उद्यानिकी विभाग से मनीषा सिन्हा ने भी किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच कौशल्या साहू, उपसरपंच शिवकुमार चंद्राकर, पंच छबिलाल साहू, पंचायत सचिव महेंद्र कुमार साहू, पंच विष्णु साहू, गुंजा चंद्राकर, सहायिका लता चंद्राकर, कृषक संगवारी डुमन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।