पंडवानी से पत्रकारिता तक…अमित शाह ने प्रदान किए 36 विभूतियों को राज्य अलंकरण, पाहंदा के चेतन देवांगन भी सम्मानित

पंडवानी से पत्रकारिता तक…अमित शाह ने प्रदान किए 36 विभूतियों को राज्य अलंकरण, पाहंदा के चेतन देवांगन भी सम्मानित

रायपुर, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित कर उनके उल्लेखनीय कार्यों को राज्य स्तर पर पहचान दी गई। राज्य अलंकरण समारोह में साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, जनजातीय उत्थान, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रम, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक समरसता सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया।

दुर्ग जिले की प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान

इस वर्ष दुर्ग जिले की कई प्रतिभाओं और संस्थाओं ने राज्य अलंकरण प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। यति यतनलाल सम्मान अहिंसा एवं गोरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए कुम्हारी स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को प्रदान किया गया। लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान छत्तीसगढ़ी लोकगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए साधना यादव को मिला। लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्गा प्रसाद पारकार को प्रदान किया गया। इसी तरह डॉ. तीज़न बाई सम्मान पंडवानी कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दुर्ग जिले के पाहंदा निवासी चेतन लाल देवांगन को प्रदान किया गया।

विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान का सम्मान

राज्य अलंकरण के तहत शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान डुमन लाल ध्रुव, गुण्डाधूर सम्मान संजू देवी, मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम), गुरु घासीदास सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान सम्मान सुखचंद भास्कर तथा ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट को प्रदान किया गया। साहित्य एवं कला के क्षेत्र में पं. सुन्दरलाल शर्मा सम्मान बिहारीलाल साहू, हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति, दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री तथा खुमान साव सम्मान चंद्रभूषण वर्मा को मिला।

पत्रकारिता के क्षेत्र में चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार हिन्दी प्रिंट मीडिया के लिए प्रमोद कुमार साहू तथा हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए बरुण सखाजी एवं रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए शिशिर रॉय चौधरी को मिला। वहीं पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को प्रदान किया गया। खेल के क्षेत्र में संजू देवी एवं तीरंदाजी के लिए टोमन कुमार को सम्मानित किया गया। कृषि के लिए पुन्नीदास भट्ट, मत्स्य पालन के लिए प्रदीप कुमार सोनी, चिकित्सा एवं शोध के लिए डॉ. दिनेश कुमार नाग तथा संस्कृत भाषा के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राज्य अलंकरण प्रदान किया गया।

इसके अलावा सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान, सामाजिक समरसता के लिए बाबूलाल अग्रवाल, आदिवासी सेवा के लिए श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, श्रम क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, अपराध अनुसंधान में उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव सहित अन्य विभूतियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। सिनेमा, विधि, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण पर्यटन, प्रवासी भारतीय योगदान एवं सामाजिक चेतना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य करने वालों को राज्य अलंकरण प्रदान किए गए।

प्रतिभाओं के सम्मान से नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा

राज्य अलंकरण समारोह छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, साहित्य, संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रतिभाओं के सम्मान का महत्वपूर्ण अवसर बना। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों एवं संस्थाओं ने अपने कार्यों के माध्यम से प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया है। यह सम्मान नई पीढ़ी को समाज और प्रदेश के विकास में रचनात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *