ऑनलाइन आवेदन के बाद भी EPIC नंबर जारी नहीं होने से युवा मतदाताओं की बढ़ी चिंता, कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

ऑनलाइन आवेदन के बाद भी EPIC नंबर जारी नहीं होने से युवा मतदाताओं की बढ़ी चिंता, कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

दुर्ग। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद नए युवा मतदाताओं को EPIC (मतदाता पहचान पत्र) नंबर जारी नहीं होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अली हुसैन सिद्दीकी ने जिला निर्वाचन अधिकारी, दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 20 अक्टूबर 2026 के बाद भारत निर्वाचन आयोग एवं छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं द्वारा मतदाता पंजीयन के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए हैं, लेकिन इन आवेदनों पर EPIC नंबर जारी नहीं हो रहा है।

आवेदक का कहना है कि EPIC नंबर जारी नहीं होने के कारण संबंधित युवाओं के नाम स्थानीय नगरीय निकाय चुनाव की मतदाता सूची में शामिल होने में परेशानी हो सकती है। इससे बड़ी संख्या में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा आगामी निगम चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह सकते हैं। अली हुसैन सिद्दीकी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि 21 अक्टूबर 2026 से वर्तमान तिथि तक निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों पर EPIC नंबर जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र युवा मतदाताओं के नाम निगम चुनाव की मतदाता सूची में शामिल हो सकें और वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *