
शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अधोसंरचना विकास से बदल रही बेमेतरा की तस्वीर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी और विभाग हुए सम्मानित
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद विजय बघेल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को सहेजते हुए विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संपदा और मेहनतकश लोगों से है। राज्य स्थापना के बाद प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्योत्सव केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य के संकल्पों को स्मरण करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना और नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वर्गों के कल्याण और विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा कृषक उन्नति योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहायक है। सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में बेमेतरा जिले की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। जिले में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल और अधोसंरचना के क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजते हुए राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से बेमेतरा को मिल रही नई दिशा : दीपेश साहू
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा जिले में शिक्षा, सिंचाई, पेयजल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, किसानों के लिए सिंचाई संसाधनों के विकास तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों से शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : ईश्वर साहू
विधायक ईश्वर साहू ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को स्वच्छ, समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी नागरिकों को सामूहिक संकल्प के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जनभागीदारी से विकास, सुशासन और जल संरक्षण पर जोर : प्रतिष्ठा ममगाईं
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेमेतरा जिले में विकास, शांति, सुशासन और जल संरक्षण के क्षेत्र में जनभागीदारी के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभागीय प्रदर्शनियों ने बढ़ाई राज्योत्सव की रौनक
जिला स्तरीय राज्योत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विभागों का सम्मान
समारोह के अंत में सांसद विजय बघेल सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं तथा विभागीय स्टॉल प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विभागों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, छत्तीसगढ़ राज्य तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, जिला पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका परिषद बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद पंचायत बेमेतरा अध्यक्ष हेमा जय दिवाकर, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, विकास की उपलब्धियों और जनकल्याण के संकल्प को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस कार्यक्रम ने समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।