रायपुर। मनोरम प्राकृतिक वादियों के बीच स्थित सियादेवी जलाशय को इको-टूरिज्म केन्द्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरूर विकासखंड के ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय में नवस्थापित एडवेंचर एवं राफ्टिंग सेंटर का आज विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती दिव्या मिश्रा ने फीता काटकर एडवेंचर एवं राफ्टिंग सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सियादेवी जलाशय का नैसर्गिक सौंदर्य, शांत वातावरण और प्राकृतिक संरचना इसे पर्यटन की दृष्टि से विशेष बनाती है। यह केन्द्र जिले के पर्यटन मानचित्र पर एक नया आकर्षण बनेगा और इससे स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस पर्यटन स्थल की स्वच्छता, सुरक्षा और संरक्षण में सक्रिय सहयोग करें। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास एवं नहर मरम्मत हेतु शासन को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी भी दी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय समुदाय के संयुक्त प्रयास से प्रारंभ किया गया यह एडवेंचर एवं राफ्टिंग सेंटर इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव कदम है। अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा ने भी इसे जिले के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर बताया। जनपद पंचायत गुरूर की अध्यक्ष सुनीता संजय साहू ने सियादेवी जलाशय क्षेत्र के समग्र विकास की आवश्यकता पर जोर देते हुए इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला कदम बताया। सियादेवी जलाशय को इको-टूरिज्म केन्द्र के रूप में विकसित करने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।