पश्चिम एशिया तनाव के बीच छत्तीसगढ़ अलर्ट : सीएम विष्णु देव साय की उच्चस्तरीय बैठक, पेट्रोल-डीजल व LPG आपूर्ति पर सख्त निगरानी,अफवाहों से दूर रहने की अपील

रायपुर, 28 मार्च 2026। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में आवश्यक वस्तुओं और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर स्थिति का जायजा लिया।
बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, संभागीय कमिश्नर, आईजी, जिला कलेक्टर सहित पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान Indian Oil Corporation (IOCL), Bharat Petroleum (BPCL) और Hindustan Petroleum (HPCL) के अधिकारियों ने भी भागीदारी निभाई।
मुख्यमंत्री ने राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कहीं भी किसी प्रकार की कमी या बाधा उत्पन्न न होने पाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट रूप से कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। साथ ही, कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। सरकार ने यह भी निर्देशित किया है कि सभी जिलों में आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *