जामगांव आर। युवा मित्र मानस यात्रा समिति द्वारा ग्राम शुक्लाडीह में तीन दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंचल की अनेक मानस मंडलियों ने सहभागिता करते हुए रामचरितमानस की सुमधुर चौपाइयों एवं भजनों के माध्यम से जनमानस को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। आयोजन स्थल पर रामकथा का वातावरण देखते ही बन रहा था, जहां श्रद्धालु भाव-विभोर होकर कथा श्रवण कर रहे थे। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू मुख्य रूप से शामिल हुईं। उन्होंने राम दरबार का दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि मानस गान प्रतियोगिता हमारी भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम है, ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने में मदद मिलती है। युवा मित्र मानस यात्रा समिति का यह प्रयास सराहनीय है, जो ग्राम स्तर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत कर रहा है। समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू,मानस शक्ति केंद्र के अध्यक्ष भेल चंद्राकर,सामाजिक कार्यकर्त्ता मनीष चंद्राकर, नवागांव सरपंच कविता साहू भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष जेठू राम निषाद, सरपंच देवकी निषाद,नारायण निषाद,अभिषेक सेन,सोनप्रकाश निषाद, जोगीराम सरपा, वीरेंद्र निषाद, कोमल निषाद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन, ग्रामवासी एवं मानस प्रेमी उपस्थित रहे।