
सारंग टीम के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं दर्शकों की सांसें, आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स और गरुड़ कमांडोज ने भी दिखाया शौर्य; ‘वंदे मातरम्’ के साथ आसमान में लहराया तिरंगे का गौरव
रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में आयोजित भव्य एयर-शो में भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने अपने रोमांचकारी प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए। पांच हेलीकॉप्टरों की एक साथ आकर्षक फॉर्मेशन, हवा में एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरते क्रॉसओवर करतब और आसमान में तिरंगे की मनमोहक छटा ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच हुए इस प्रदर्शन ने दर्शकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का उत्साह भर दिया।
8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग, आकाशगंगा के जांबाजों ने दिखाया दम
एयर-शो की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जांबाजों ने हजारों फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। हवा में संतुलन, साहस और नियंत्रण का शानदार प्रदर्शन देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
गरुड़ कमांडोज के रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन ने बढ़ाया रोमांच
इसके बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया। जवानों ने पैराशूट लैंडिंग के साथ एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की कार्यप्रणाली दिखाई। उनकी त्वरित कार्रवाई, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की दक्षता ने दर्शकों को प्रभावित किया।
पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं सांसें
एयर-शो का सबसे बड़ा आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक साथ आकर्षक आकृतियां बनाते नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरकर फिर एक निर्धारित फॉर्मेशन में लौट आए। हेलीकॉप्टरों का बेहद नजदीक से एक-दूसरे को क्रॉस करने वाला करतब विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान पायलटों के सटीक नियंत्रण, एकाग्रता और आपसी समन्वय का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
राज्य स्थापना दिवस पर सारंग टीम ने छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष सम्मान भी प्रदर्शित किया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। आसमान से गूंजे इस लोकप्रिय नारे ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।
राज्यपाल रमेन डेका बोले- युवाओं के लिए प्रेरणादायी है यह प्रदर्शन
राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के जांबाजों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का आयोजन सभी के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत परिचय है। राज्यपाल ने सारंग टीम को अनुशासन, आपसी विश्वास और टीम भावना का अनुपम उदाहरण बताते हुए कहा कि कठिन लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास, समर्पण और एक-दूसरे पर विश्वास जरूरी है। उन्होंने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
‘वंदे मातरम्’ के साथ तिरंगे की फॉर्मेशन, देशभक्ति के रंग में रंगा आसमान
एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा और पांच हेलीकॉप्टरों का शानदार समन्वय देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। इसी के साथ भव्य एयर-शो का यादगार समापन हुआ।
दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है सारंग टीम
उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अब तक 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।