कुम्हली पंचायत में बैठक के बीच अचानक क्यों मचा बवाल? सबमर्सिबल पंप लेकर सचिव पर हमले की कोशिश, कमरे में बंद होकर बचाई जान!

कुम्हली पंचायत में बैठक के बीच अचानक क्यों मचा बवाल? सबमर्सिबल पंप लेकर सचिव पर हमले की कोशिश, कमरे में बंद होकर बचाई जान!

पंच मोगन सपहा पर पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर से मारपीट के प्रयास और पंचायत भवन का दरवाजा क्षतिग्रस्त करने का आरोप, सचिव संघ ने एसडीएम, सीईओ और एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन

जामगांव आर । पाटन ब्लॉक के ग्राम कुम्हली में पंचायत की बैठक के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम पंचायत के पंच मोगन सपहा ने पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर पर सबमर्सिबल पंप उठाकर हमला करने का प्रयास किया। अपनी जान बचाने के लिए सचिव को पंचायत भवन के कमरे का दरवाजा बंद करना पड़ा। आरोप है कि इससे नाराज पंच ने दरवाजे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत की बैठक के दौरान सचिव अरुण कुमार निर्मलकर पंचायत भवन में मौजूद थे। इसी दौरान पंच मोगन सपहा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पंच ने पंचायत भवन में रखे सबमर्सिबल पंप को उठाकर सचिव पर हमला करने की कोशिश की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सचिव ने तत्काल खुद को कमरे में बंद कर लिया। दरवाजा बंद होने से वे कथित हमले से बच गए, हालांकि इस दौरान दरवाजे को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप है। घटना के बाद पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर ने जामगांव आर थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

• सचिव संघ ने अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

घटना को गंभीरता से लेते हुए पंचायत सचिव संघ पाटन ने विरोध जताया है। संघ के पदाधिकारियों ने संबंधित पंच के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और पंचायत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एसडीएम पाटन, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा एसडीओपी पाटन को ज्ञापन सौंपा है।

पंचायत सचिव संघ का कहना है कि पंचायत भवन में शासकीय कार्य के दौरान कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना होना गंभीर चिंता का विषय है। पंचायत सचिवों को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण में काम करने का अधिकार मिलना चाहिए। संघ ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर नजरें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *