(छत्तीसगढ़ में पाकिस्तानी हिंदुओं को राहत देने पर सियासी संग्राम )
रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के चलते केंद्र सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश जारी किया है। इस आदेश से देशभर में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों में बेचैनी फैल गई है। वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आए हिंदू परिवारों में भी चिंता की लहर है।
हालांकि, छत्तीसगढ़ सरकार ने इन अल्पसंख्यक पाकिस्तानी हिंदुओं को राहत दी है। राज्य के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार से मिले दिशा-निर्देशों के अनुसार, पाकिस्तान से प्रताड़ित होकर आए हिंदू अल्पसंख्यकों को भारत में रहने की अनुमति है। उन्होंने कहा कि ये लोग नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस फैसले पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने कहा कि “केंद्र सरकार का आदेश पूरे देश में लागू होता है, फिर छत्तीसगढ़ में अलग व्यवस्था कैसे बनाई जा रही है? हिंदू या मुस्लिम, सभी पाकिस्तानी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना चाहिए।”