छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का कहर: पेड़, बिजली के तार और होर्डिंग्स गिरे, सैकड़ों वाहन फंसे,भिलाई 3 में आगजनी…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में गर्मी के सीजन के बीच मौसम ने अचानक करवट ली और रायपुर, दुर्ग, भिलाई, पाटन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार की शाम अचानक तेज आंधी और धूल भरी हवाएं चलने लगीं। हवाओं की रफ्तार करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जिससे कई जगहों पर पेड़, बिजली के तार, छत, छप्पर और बड़े-बड़े होर्डिंग्स गिर गए। अनेक गांवों में लोगों के छप्पर उड़ गए,कई मार्गों पर पेड़ पौधे गिरने से आवागमन भी बाधित रहा,बिजली के तार और खम्भे टूटने से अनेक इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित है

दुर्ग-पाटन-अभनपुर मार्ग पर स्थित खारुन नदी के तरीघाट पुल पर एक बड़ा पेड़ टूटकर गिरने से पाटन अभनपुर का सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया। पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। प्रशासन द्वारा रास्ता साफ करने पर आवागमन शुरू हो सका ।

इसी बीच, भिलाई-तीन के एरिया स्टोर के बाहर पुराने मीटर और ट्रांसफॉर्मर के कबाड़ में आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन माना जा रहा है कि तेज हवाओं के दौरान किसी चिंगारी ने आग को भड़का दिया। आग लगने की खबर मिलते ही बिजली कंपनी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया क्योंकि आग के बेहद करीब 132 केवी क्षमता का सब-स्टेशन स्थित है।

आग बुझाने के लिए जिला अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू की गईं। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *