छत्तीसगढ़ सरकार ने 2025-26 के ‘युवा रत्न सम्मान’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए: 5 लाख तक का पुरस्कार, 5 दिसंबर अंतिम तिथि

छत्तीसगढ़ सरकार ने 2025-26 के ‘युवा रत्न सम्मान’ के लिए आवेदन आमंत्रित किए: 5 लाख तक का पुरस्कार, 5 दिसंबर अंतिम तिथि

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के “युवा रत्न सम्मान” के लिए आवेदन आमंत्रित कर दिए हैं। राज्य का यह प्रतिष्ठित सम्मान उन प्रतिभाशाली युवाओं और स्वैच्छिक संगठनों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने समाज में नवाचार, प्रेरणादायी कार्यों और उत्कृष्ट योगदान के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। विभाग के अनुसार आवेदन 5 दिसंबर 2025 तक स्वीकार किए जाएंगे। सम्मान के तहत विभिन्न श्रेणियों में युवाओं और संगठनों को पुरस्कृत किया जाएगा। असाधारण और विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए एक युवा को 2.5 लाख रुपये, जबकि एक स्वैच्छिक संगठन को 5 लाख रुपये का पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा सामाजिक सेवा, साहित्य, उद्योग-व्यापार, शिक्षा, खेल, महिला एवं बाल विकास (केवल महिलाओं के लिए), पर्यावरण संरक्षण, मीडिया, स्वास्थ्य सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन कल्याण, कला, संगीत और लोककला सहित अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को 1 लाख रुपये, सम्मान पत्र, पदक और शॉल से सम्मानित किया जाएगा।
केवल मूल निवासी हों पात्र
विभागीय अधिकारियों के अनुसार आवेदन करने वाला आवेदक छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए। पात्रता नियमों के तहत आवेदक की आयु 1 अप्रैल 2025 को 15 वर्ष तथा 31 मार्च 2026 तक 29 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।इच्छुक युवा और संगठन अपने आवेदन संबंधित जिले के सहायक संचालक, खेल-युवा कल्याण कार्यालय में 5 दिसंबर तक जमा कर सकते हैं। राज्य सरकार का मानना है कि यह सम्मान न सिर्फ युवाओं को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि उन्हें समाज में रचनात्मक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *