
रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है। प्रदेश में लगातार चौथे दिन गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित किया। हालात इतने गंभीर हैं कि वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। राजधानी Raipur शुक्रवार को दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गई। प्रदूषण और मौसम विश्लेषण वेबसाइट के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे रायपुर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी का असर सूर्यास्त के बाद भी कम नहीं हुआ। शाम 7:30 बजे भी रायपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस बना रहा, जो सूडान के खार्तूम के बाद दुनिया में दूसरा सर्वाधिक शाम का तापमान बताया गया। इसी दौरान Bhilai और Durg में भी 42 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दोनों शहर शाम के समय दुनिया के 11वें और 18वें सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। वहीं Mahasamund में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने बताया कि पश्चिम दिशा से आ रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। सुबह 8 बजे से ही गर्म हवाएं लोगों को झुलसाने लगी हैं। घरों की छतों पर रखे पानी के टैंक तक गर्म हो रहे हैं और दोपहर 12 बजे तक तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच जा रहा है।
भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर जिले के Bilaspur के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव बाजार के पास मिलने से हड़कंप मच गया। बताया गया कि बुजुर्ग पिछले दो महीने से जोंधरा क्षेत्र में रहकर भीख मांगकर जीवन यापन कर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार वह पिछले दो दिनों से बीमार था और भीषण गर्मी के बीच बाजार के पास ही पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर लू से मौत की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में तेज गर्मी और लू चलने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार 27 मई तक दिन और रात के तापमान में विशेष राहत मिलने की संभावना नहीं है। राजधानी समेत पूरे प्रदेश में यह सप्ताह भीषण गर्मी और गर्म हवाओं के बीच गुजरने के आसार हैं।