रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी हलचल तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया 5 मार्च से शुरू होने जा रही है, ऐसे में राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संभावित नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था, जिसमें कमलचंद्र भंजदेव, लक्ष्मी वर्मा, प्रबल प्रताप सिंह और सौरभ सिंह के नाम शामिल थे। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा के लिए अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
प्रदेश में भाजपा की विधानसभा में मजबूत स्थिति को देखते हुए दो में से एक सीट पार्टी के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। वहीं दूसरी सीट को लेकर सियासी गणित और रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं। इधर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए आदिवासी चेहरे को मौका देने की मांग उठाई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ की जनसंख्या संरचना और आदिवासी समुदाय के योगदान को देखते हुए प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।