छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : बेमेतरा में 25 वर्षों की विकास यात्रा का भव्य उत्सव, सांसद विजय बघेल बोले – “छत्तीसगढ़ आज देश के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में शामिल”

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 : बेमेतरा में 25 वर्षों की विकास यात्रा का भव्य उत्सव, सांसद विजय बघेल बोले – “छत्तीसगढ़ आज देश के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में शामिल”

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं रजत जयंती के अवसर पर बेमेतरा स्थित बेसिक स्कूल मैदान में राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विकास और उपलब्धियों की झलक ने लोगों को गौरवान्वित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल (दुर्ग लोकसभा) थे। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में अद्भुत प्रगति की है। आज यह प्रदेश देश के सबसे तेजी से विकसित होते राज्यों में से एक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य विकास की अविरल धारा में आगे बढ़ रहा है। विशिष्ट अतिथियों में विधायक दीपेश साहू (बेमेतरा), विधायक ईश्वर साहू (साजा), छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा दिवाकर और भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू शामिल रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

विभागीय प्रदर्शनी और सहभागिता:
राज्योत्सव में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, स्कूल शिक्षा विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनसंपर्क विभाग तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने अपने स्टॉल लगाकर जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से श्री भाग्यलक्ष्मी स्व-सहायता समूह (ग्राम बेरला परियोजना) को ₹1,00,000 का चेक प्रदान किया गया।
कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन योजना) के अंतर्गत ग्राम बाबा मोहतरा के श्री भिखारीराम साहू और श्री सहदेव साहू तथा ग्राम चोरभट्टी के श्री शिवदयाल को मसूर बीज मिनी किट वितरित किए गए।

अतिथियों के उद्बोधन:
विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि — “छत्तीसगढ़ की स्थापना श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के दूरदर्शी निर्णय का परिणाम है। राज्य ने बीमारू प्रदेश से उन्नत प्रदेश बनने तक की यात्रा तय की है। किसानों की आय में वृद्धि हुई है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं।” विधायक दीपेश साहू ने कहा कि — “छत्तीसगढ़ संत घासीदास बाबा की पावन भूमि है। राज्य शिक्षा, कृषि और खेल के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास की गति और तेज हुई है। बेसिक स्कूल मैदान का नव निर्माण और अमोरा में 300 करोड़ की लागत से बन रहा बांध राज्य के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा:
राज्योत्सव मंच पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, लोककला और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान स्वर्गीय कवि सुरेंद्र दुबे और लक्ष्मण मस्तुरी जैसे सुप्रसिद्ध कलाकारों की रचनाओं और प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सभी विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनता से शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *