नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित राज्योत्सव 2025 में जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यह प्रदर्शनी राज्य की विकास यात्रा के 25 स्वर्णिम वर्षों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रही है। प्रदर्शनी में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से छत्तीसगढ़ सरकार की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं— महतारी वंदन, नियद नेल्ला नार, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास, पीएम सूर्य घर, जल जीवन मिशन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन मजदूर कल्याण योजना— सहित सड़कों, बिजली, सिंचाई, और रेल नेटवर्क जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।
इसके साथ ही प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक वाद्य यंत्रों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें लोग बड़ी उत्सुकता से देख रहे हैं। जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर दर्शकों को विभिन्न प्रकाशन सामग्री जैसे — ‘उदित छत्तीसगढ़’, ‘छत्तीसगढ़ बजट 2025-26’, ‘हम सबके राम’, ‘जनादेश रिपोर्ट’, ‘जशपुर हिंदी’, ‘दंतेवाड़ा हिंदी’, ‘वंडर्स ऑफ दंतेवाड़ा’, ‘जनमन’, ‘अद्भुत अतुल्य दंतेवाड़ा’ और ‘अद्भुत जशपुर’ जैसी लघु पत्रिकाएं एवं पॉम्पलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इन प्रकाशनों में राज्य की प्रमुख योजनाओं, बजट प्रावधानों और स्थानीय विकास की प्रेरणादायक कहानियां शामिल हैं। प्रदर्शनी देखने पहुंचे दर्शकों ने कहा कि यह आयोजन राज्य की प्रगति को नज़दीक से समझने का उत्कृष्ट माध्यम है। इससे सरकार की पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
लोगों का कहना है कि यह प्रदर्शनी न केवल छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का साक्ष्य है, बल्कि नई पीढ़ी को राज्य की उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रेरक प्रयास भी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यहां वितरित की जा रही प्रकाशन सामग्री ज्ञानवर्धक और उपयोगी सिद्ध हो रही है।