श्रद्धा साहू की पहल को मिला जिला प्रशासन और समाज का भरपूर सहयोग-“शिव महापुराण कथा बनी स्वच्छता की मिसाल, भिलाई पंडाल बना जीरो वेस्ट जोन”

दुर्ग/भिलाई। शिव महापुराण कथा केवल आध्यात्मिक नहीं, अब सामाजिक जागरूकता की मिसाल भी बन चुकी है। भिलाई के जयंती स्टेडियम में चल रही श्री शिव महापुराण कथा में इस बार एक नया इतिहास रच दिया गया है। रोजाना लाखों श्रद्धालु जहां भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं, वहीं कथा स्थल पूरी तरह जीरो वेस्ट ज़ोन घोषित हो चुका है। यहां सिंगल यूज प्लास्टिक पूरी तरह प्रतिबंधित है और हर श्रद्धालु को फाइबर व स्टील की प्लेटों में भोजन परोसा जा रहा है।

यह अद्भुत व्यवस्था संभव हो पाई है, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू की पहल से, जिन्होंने कथा प्रारंभ होने से पहले ही आयोजन समिति, प्रशासन और सभी सामाजिक संगठनों से सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने का आग्रह किया था। उनकी पर्यावरणीय सोच और सेवा भावना ने लाखों भक्तों के बीच स्वच्छता और जागरूकता का संदेश प्रसारित कर दिया।

भक्त स्वयं कर रहे बर्तन साफ
कथा स्थल पर एक नई तस्वीर यह भी देखने को मिल रही है, जहां भक्त खुद जूठे बर्तन धोकर पुण्य कमा रहे हैं। श्रद्धा साहू द्वारा स्थापित स्टील बर्तन बैंक के सदस्य निःस्वार्थ भाव से सेवा में लगे हैं। कतारबद्ध होकर भोजन करने वाले भक्त न केवल पर्यावरण के प्रति सजग दिखे, बल्कि सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

श्रद्धा साहू का संकल्प:
जिपंस श्रद्धा साहू ने बताया—मैं शिवभक्त होने के नाते जहां भी कथा होती है, वहां सेवा देने जरूर जाती हूं। दुर्ग, भिलाई, बालोद, राजनांदगांव समेत कई जिलों में अपनी टीम के साथ पंडाल को कचरा मुक्त बनाने का अभियान चलाती हूं।”उन्होंने यह भी बताया कि कथा प्रारंभ से पहले उन्होंने दुर्ग कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को पत्र लिखकर साफ-सफाई, डस्टबिन, मोबाइल टॉयलेट, और प्लास्टिक प्रतिबंध जैसे विषयों को गंभीरता से लेने का आग्रह किया था, जिसे प्रशासन ने सहर्ष स्वीकार किया।

समर्पण और सेवा का संगम
यह पहला मौका है जब इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बावजूद पंडाल में गंदगी नहीं है। हर ओर सफाई, सुव्यवस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। श्रद्धा की प्रेरणा और जिला प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन स्वच्छता और अध्यात्म का एक आदर्श उदाहरण बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *