
दौड़ में कॉमन बैंडेड पीकॉक, ऑरेंज ओकलीफ और स्पॉट स्वोर्डटेल
रायपुर, 23 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ जल्द ही अपनी पहली राजकीय तितली चुनने जा रहा है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने इसके लिए प्रदेशवासियों से ऑनलाइन मतदान के माध्यम से राय मांगी है। नागरिक 31 अगस्त 2026 तक गूगल फॉर्म के जरिए अपनी पसंदीदा तितली के पक्ष में मतदान कर सकते हैं।
वनमंत्री केदार कश्यप की पहल पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य राज्य की समृद्ध जैव विविधता को नई पहचान देना और तितलियों के संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर इस पहल को सफल बनाने की अपील की है। उनका कहना है कि जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का भी दायित्व है। राजकीय तितली के चयन के लिए गठित विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक एवं पारिस्थितिक मानकों के आधार पर तीन प्रजातियों का चयन किया है। इनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक (Common Banded Peacock), ऑरेंज ओकलीफ (Orange Oakleaf) और स्पॉट स्वोर्डटेल (Spot Swordtail) शामिल हैं। इन प्रजातियों का चयन राज्य में उनकी उपलब्धता, पारिस्थितिक महत्व, संरक्षण मूल्य, विशिष्ट पहचान और जनआकर्षण जैसे मापदंडों के आधार पर किया गया है।
वन विभाग के अनुसार, ऑनलाइन मतदान से प्राप्त जनमत और विशेषज्ञ समिति की अनुशंसाओं के आधार पर राजकीय तितली के चयन का अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने विद्यार्थियों, प्रकृति प्रेमियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संगठनों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। विभाग ने नागरिकों से अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है, ताकि छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली का चयन व्यापक जनभागीदारी के साथ हो सके।