री-नीट 2026 में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन: शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल बने संयुक्त स्टेट टॉपर, 99.99 पर्सेंटाइल हासिल

री-नीट 2026 में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन: शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल बने संयुक्त स्टेट टॉपर, 99.99 पर्सेंटाइल हासिल

रायपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने री-नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। छत्तीसगढ़ के रायपुर के शिप्रक गोयल और चार्वी अग्रवाल ने 99.99 पर्सेंटाइल प्राप्त कर प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। दोनों अनारक्षित (UR) वर्ग के अभ्यर्थी हैं। टाई-ब्रेकिंग नियमों के चलते शिप्रक को ऑल इंडिया रैंक (AIR) 117, जबकि चार्वी को AIR 136 प्राप्त हुई है। परिणाम घोषित होने के बाद शिप्रक गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और नियमित तैयारी को दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस परीक्षा को किसी भी सामान्य परीक्षा की तरह लिया और कभी अतिरिक्त दबाव नहीं बनाया। उनके अनुसार, यदि विद्यार्थी परीक्षा को लेकर अत्यधिक तनाव में आ जाते हैं तो गलतियां होने की संभावना बढ़ जाती है। शिप्रक ने बताया कि सफलता के लिए दिन-रात 16 घंटे पढ़ाई करना जरूरी नहीं है। उनका मानना है कि यदि कोई छात्र लगातार दो वर्षों तक रोजाना 8 से 10 घंटे पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ अध्ययन करे, तो उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। री-नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा देना निश्चित रूप से कठिन अनुभव था, लेकिन परिस्थितियों को स्वीकार कर दोबारा तैयारी में जुटना ही सही रास्ता था। परिवार और शिक्षकों के निरंतर सहयोग ने उनका आत्मविश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि नियमित टेस्ट, दोस्तों के साथ पढ़ाई और सकारात्मक माहौल ने उन्हें फिर से ऊर्जा दी। उन्होंने कहा, “डर जरूर था, लेकिन चिंता करने से कुछ नहीं होता। परीक्षा देना हमारे हाथ में है, परिणाम भगवान पर छोड़ देना चाहिए।”

इस वर्ष छत्तीसगढ़ से लगभग 45 हजार अभ्यर्थियों ने री-नीट यूजी 2026 परीक्षा में हिस्सा लिया। पूरे प्रदेश में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिनमें अकेले रायपुर में 25 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित हुई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। NTA ने बताया है कि 21 जून 2026 को आयोजित री-नीट यूजी परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड के माध्यम से लॉग इन कर स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।

इसके साथ ही एनटीए ने 3 मई 2026 को आयोजित मूल नीट यूजी परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क रिफंड की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी है। शुल्क वापसी के इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज करनी होगी। री-नीट 2026 के परिणाम में रायपुर के दो विद्यार्थियों का संयुक्त रूप से प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। शिक्षा जगत ने दोनों सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *