कवर्धा में कांग्रेस नेता रवि गिरफ्तार : शादी का झांसा देकर 10 साल तक दुष्कर्म का आरोप, शादी का कार्ड बांटते समय रायपुर से दबोचा गया आरोपी

कवर्धा। जिले में एक सनसनीखेज मामले में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को यौन शोषण के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया गया, जिसके बाद उसे कवर्धा लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने महिला थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि रवि चंद्रवंशी पिछले करीब 10 वर्षों से उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला का कहना है कि आरोपी बार-बार विवाह का आश्वासन देता रहा, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से बात टालता रहा।
पीड़िता के मुताबिक, हाल ही में उसे जानकारी मिली कि आरोपी की शादी 7 मई को किसी अन्य महिला से तय हो गई है। इसके बाद खुद को ठगा महसूस करते हुए उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपों को गंभीर पाते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई है। वहीं, महिला संगठनों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *