शिक्षा व संवेदनशीलता की मिसाल बने डॉ. मिश्रा, विदाई समारोह में छलके भाव,रानीतराई महाविद्यालय में विकास को लेकर कई बड़े फैसले…

रानीतराई। शासकीय महाविद्यालय रानीतराई में जनभागीदारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक समिति अध्यक्ष निर्मल जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महाविद्यालय के विकास एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक में महाविद्यालयीन शुल्क से संबंधित विषयों के साथ-साथ नवीन महाविद्यालय भवन की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण, रख-रखाव हेतु कर्मचारियों की नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के पश्चात महाविद्यालय में पदस्थ प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार मिश्रा के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें ससम्मान विदाई दी गई। इस अवसर पर जनभागीदारी समिति अध्यक्ष निर्मल जैन एवं सभी सदस्यों ने उनके 17 माह के कार्यकाल की सराहना करते हुए शिक्षा के प्रति उनके समर्पण, विद्यार्थियों के प्रति पालक समान व्यवहार तथा स्टाफ के साथ पारिवारिक संबंधों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विदाई समारोह में डॉ. मिश्रा भावुक हो उठे। उन्होंने अपने सेवा काल के अनुभव साझा करते हुए उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ के प्रति आभार व्यक्त किया तथा रानीतराई महाविद्यालय में बिताए गए सुनहरे पलों को याद किया। साथ ही उन्होंने जनभागीदारी समिति, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर समिति के सदस्य भाजपा नेता धनराज साहू, शरद बघेल, ईश्वर यादव, भाजयुमो अध्यक्ष लुभम बंछोर, प्रमोद जैन, भविष्य जैन, श्रीमती भगवती साहू, श्रीमती प्रेमलता चंद्राकर, प्राध्यापक चंदन गोस्वामी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *