रायपुर। छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन नवा रायपुर में बनकर लगभग तैयार हो चुका है। वर्तमान में भवन में फिनिशिंग, सदन की कुर्सियां, कार्पेट बिछाने और फर्नीचर लगाने का अंतिम चरण का काम चल रहा है। लक्ष्य है कि 30 सितंबर तक ये सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। इसके बाद राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर 2025 को नए विधानसभा भवन का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन के बाद विधानसभा सत्र का संचालन इसी भवन से होगा।
◆ 2022 में शुरू हुआ था काम
नए विधानसभा भवन के निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर 1 अगस्त 2022 को जारी किया गया था। इसे 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्माण में समय लगने से अब यह 2025 में उद्घाटन के लिए तैयार हो रहा है।
◆ 52 एकड़ में फैला भव्य परिसर
नवा रायपुर में बना यह नया विधानसभा भवन 52 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है। भवन की डिजाइन आधुनिक और भव्य शैली में तैयार की गई है। इसमें तीन मुख्य विंग बनाए गए हैं—
- पहला विंग : विधानसभा सचिवालय
- दूसरा विंग : विधानसभा का सदन, सेंट्रल हॉल, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का कार्यालय
- तीसरा विंग : मंत्रियों के कार्यालय
◆ सदन की क्षमता और सुविधाएं
नए विधानसभा भवन के सदन में 200 सदस्यों की बैठक क्षमता होगी। इसके अलावा 500 लोगों की क्षमता वाला एक ऑडिटोरियम भी बनाया गया है। भवन परिसर में 700 कारों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
◆ हरियाली और जलस्रोत से सजेगा परिसर
भवन के आसपास हरियाली और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उद्यानिकी विभाग की देखरेख में यहां दो छोटे-छोटे तालाब का निर्माण जारी है। इससे परिसर का वातावरण और भी आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल बनेगा।